अहमदाबाद (मध्य स्वर्णिम): गुजरात की राजधानी गांधीनगर में टाइफाइड के मामलों में अचानक तेज बढ़ोतरी से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बीते तीन दिनों में 100 से अधिक लोग, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं, गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और सरकार दोनों स्तर पर त्वरित कदम उठाए गए हैं।
अस्पताल में बढ़ाई गई चिकित्सा व्यवस्था:
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मरीजों के इलाज के लिए 22 डॉक्टरों की विशेष टीम बनाई गई है। अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया है। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें डिप्टी कलेक्टर भी शामिल हैं, को मौके पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी तरह की लापरवाही न हो। सुपरिंटेंडेंट डॉ. मीता पारिख ने बताया कि सेक्टर-24, 25, 26, 28 और आदिवाड़ा इलाके से मरीज सामने आए हैं। इन क्षेत्रों से लिए गए पानी के नमूनों की जांच में पीने का पानी सुरक्षित नहीं पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि दूषित पानी के कारण टाइफाइड फैला है।




