भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर अब नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सोमवार से शहर के हर वार्ड कार्यालय में रोजाना 2 घंटे की सार्वजनिक सुनवाई होगी, जहां मतदाता सीधे अपने दस्तावेज पेश कर सकेंगे। यह व्यवस्था विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत लागू की जा रही है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, प्रतिदिन प्रत्येक वार्ड से 50 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। इन्हें तय समय में वार्ड कार्यालय बुलाकर मतदाता सूची से जुड़ी आपत्तियों, नाम जोड़ने या हटाने और सुधार संबंधी मामलों की सुनवाई की जाएगी। इस सुनवाई की जिम्मेदारी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (AERO) को सौंपी गई है। तहसीलदार, नायब तहसीलदार और निगम के संबंधित अधिकारी तय समय पर वार्ड कार्यालय में मौजूद रहेंगे। नागरिक अपने दस्तावेज सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे और मौके पर ही सत्यापन कराया जाएगा।




