नूरा-कुश्ती का गेम खेल रहे विरोधी : पीएम मोदी

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): केरल के तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव में बीजेपी की जीत हुई। यहां पहली बार बीजेपी का मेयर बना है। बीजेपी इससे काफी खुश है और उसे उम्मीद है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में उसे इसका फायदा भी होगा। मेयर वी. वी. राजेश ने शपथ भी ले ली है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेयर को एक पत्र लिखा है और बीजेपी कार्यकर्ताओं की तारीफ की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल में प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक गठबंधन वाम लोकतान्त्रिक मोर्चा और संयुक्त लोकतान्त्रिक मोर्चा पर ‘नूरा-कुश्ती का खेल खेलने ‘का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा की पहली जीत के बाद अब इस व्यवस्था का अंत होने जा रहा है। मेयर वी. वी. राजेश को लिखे पत्र में प्रधानमंत्री ने कहा कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा की जीत ऐतिहासिक है। पीएम मोदी ने लिखे पत्र में कहा कि महापौर और उपमहापौर जी. एस. आशा नाथ के शपथ ग्रहण के साथ ही तिरुवनंतपुरम में इतिहास रच गया है। उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम में पार्टी की सफलता इस बात का संकेत है कि केरल के लोग, विशेषकर युवा और महिलाएं एक नए सूर्योदय के लिए तैयार हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के अनुसार, भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन जनता के लिए एक ऐसे विकल्प के रूप में उभर रहा है, जो बहिष्कार रहित राष्ट्रवाद, भ्रष्टाचार रहित विकास और तुष्टीकरण रहित शासन की अवधारणा पर आधारित है। पीएम मोदी ने कहा, दिल्ली में मित्र और केरल में प्रतिद्वंद्वी होने का एलडीएफ और यूडीएफ की नूरा-कुश्ती का खेल अब खत्म होने वाला है। केरल उनके अधूरे वादों से मुक्ति पाना चाहता है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) सत्तारूढ़ एलडीएफ का नेतृत्व करती है, जबकि कांग्रेस यूडीएफ का नेतृत्व करती है। दोनों दल केरल में प्रतिद्वंद्वी हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर ‘इंडिया’ गठबंधन में सहयोगी हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि दशकों से एलडीएफ और यूडीएफ के प्रभुत्व वाले केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं को काफी मेहनत करनी पड़ी है और इन मोचर्चों का खराब शासन रिकॉर्ड सबके सामने है। उन्होंने कहा, इन गठबंधनों ने केरल की परंपराओं के विपरीत भ्रष्टाचार और हिंसा की संस्कृति को बढ़ावा दिया। इसके बावजूद, विपरीत परिस्थितियों और हिंसा के बीच भाजपा कार्यकर्ता दृढ़ता से डटे रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने निडर होकर जन मुद्दे उठाए और साहस के साथ इंडिया फर्स्ट की विचारधारा के अनुरूप काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के लिए संघर्ष करने वाले पार्टी के कई नेता अब इस दुनिया में नहीं, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहेगा।

पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम के अपने दौरे की यादें साझा करते हुए कहा कि केरल की राजधानी ने देश को कई नेता, समाज सुधारक, कलाकार, संगीतकार, कवि, सांस्कृतिक हस्तियां, संत और महापुरुष दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, जब ऐसा शहर हमारी पार्टी को आशीर्वाद देता है, तो यह अत्यंत गर्व करने वाला अनुभव है। विकसित तिरुवनंतपुरम बनाने का हमारा दृष्टिकोण समाज के सभी वर्गों में लोगों के साथ गूंजा है।