नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): अनंत अंबानी को ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड फॉर एनिमल वेलफेयर से सम्मानित किया गया है। यह अवॉर्ड ग्लोबल ह्यूमेन द्वारा दिया गया, जो अमेरिकन ह्यूमेन सोसायटी का इंटरनेशनल ब्रांड है। इस सम्मान के साथ वह दुनिया के उन चुनिंदा लोगों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने वैश्विक स्तर पर प्रभाव डाला है। अनंत यह सम्मान पाने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति और पहले एशियाई बने हैं। यह अवॉर्ड सेरेमनी वॉशिंगटन डीसी में हुई, जिसमें वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद थे। यह अवॉर्ड अनंत अंबानी के वनतारा की स्थापना में किए गए नेतृत्व को पहचान देता है, जो दुनिया के सबसे व्यापक वन्यजीव बचाव और संरक्षण कार्यक्रमों में से एक है। उनका काम बड़े पैमाने पर रेस्क्यू, उच्च गुणवत्ता वाली मेडिकल केयर, लंबी अवधि के रिहैबिलिटेशन और संकटग्रस्त प्रजातियों की सुरक्षा पर केंद्रित है। वनतारा का मॉडल वैज्ञानिक शोध, वैश्विक संरक्षण साझेदारियों और पशु कल्याण के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का संगम है। कार्यक्रम के दौरान अनंत अंबानी ने कहा, मैं इस सम्मान के लिए ग्लोबल ह्यूमेन सोसायटी का आभार व्यक्त करता हूं। मेरे लिए यह सर्व भूत हित यानी सभी प्राणियों के कल्याण जैसी सनातन भावना को और मजबूत करता है।




