कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगा, कांग्रेस जोड़ती है और बीजेपी तोड़ती हैः खड़गे

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): कांग्रेस के स्थापना दिवस पर रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में झंडा फहराया। इस मौके पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कांग्रेस को खत्म करने की बात करने वालों को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि हमें साथ मिलकर कांग्रेस की सोच और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। सभी को सामाजिक न्याय दिलाकर, खुशहाल हिंदुस्तान बनाना है। खड़गे ने कहा कि 28 दिसंबर 1885 को मुंबई में कांग्रेस की स्थापना हुई थी। तब से 62 साल तक करोड़ों कांग्रेसजनों ने अंग्रेजों से संघर्ष किया, त्याग और बलिदान दिया, जेल में यातनाएं झेली, तब जाकर देश आजाद हुआ। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस के सभी निर्माताओं और स्वाधीनता सेनानियों को श्रद्धांजलि देता हूं। संविधान और मजबूत लोकतंत्र की स्थापना करने वाले नायकों को नमन करते हुए कहना चाहता हूं कि उनके सपनों के भारत के लिए कांग्रेस हर संभव प्रयास करती रहेगी। आजादी के पहले कांग्रेस ने मौलिक अधिकारों का जो स्वरूप बनाया था, वह हमारे संविधान का हिस्सा बना, लेकिन आज संविधान और लोकतंत्र दोनों खतरे में हैं।