मोदी 2029 में भी बनेंगे प्रधानमंत्री, राहुल हार से न थकें : शाह

0

अहमदाबाद (मध्य स्वर्णिम): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, राहुल बाबा, हार से थकिए मत। वर्ष 2029 में भी नरेन्द्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष हमेशा उन्हीं बातों का विरोध करता है, जो जनता को पसंद आती हैं। जनता को जो अच्छा लगता है, आप उसका ही विरोध करते हो, तो फिर आपको वोट कहां से मिलेंगे? केंद्रीय गृह मंत्री शाह रविवार को अहमदाबाद के पश्चिमी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक से बिना खड्डा खोदे तैयार की गई 27 किलोमीटर लंबी ड्रेनेज लाइन के लोकार्पण अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नई ड्रेनेज लाइन को इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए विकास कार्यों की सराहना की है। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि आज का दिन आनंद देने वाला है। वणझर क्षेत्र में 1973 के बाद जिन लोगों ने सब कुछ खो दिया था, वे यहां आकर बसे। करीब 50 वर्षों से कई परिवार रह रहे थे, लेकिन किसी कारणवश प्लॉट की मालिकी अटकी हुई थी। उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान कर फाइलों को अंतिम रूप दिया गया और आज से यह प्रक्रिया पूरी तरह कानूनी हो गई है, जिससे लोगों के जीवन में एक बड़ा बदलाव आया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि अहमदाबाद के 9 वार्डों में रहने वाले करीब 15 लाख लोग और 4500 सोसायटियां वर्षों से गटर के पानी की निकासी की समस्या से जूझ रहे थे।

जल्द मलेरिया मुक्त होगा भारत: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि भारत में मलेरिया के मामलों में 97 फीसदी की कमी आई है और देश जल्द ही इस बीमारी से मुक्त हो जाएगा। अहमदाबाद के शेला में आयोजित भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) के सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि आयुष्मान भारत और मिशन इंद्रधनुष जैसी स्वास्थ्य योजनाओं की वजह से मलेरिया के मामलों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि डेंगू से होने वाली मौतों की दर घटकर केवल एक फीसदी रह गई है, जबकि मातृ मृत्यु दर में 25 फीसदी की कमी आई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में केंद्र सरकार का स्वास्थ्य बजट 37 हजार करोड़ रुपये था, जो अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बढ़कर 1.28 लाख करोड़ रुपये हो गया है। शाह ने कहा कि ये सभी उपलब्धियां तब संभव होती हैं, जब योजनाएं जमीनी स्तर पर सही तरीके से लागू की जाती हैं और इससे नागरिकों के स्वास्थ्य में अभूतपूर्व सुधार हुआ है।