पीएम श्री हेली पर्यटन योजना से ओंकारेश्वर पहुंचीं कंगना

0

खंडवा (मध्य स्वर्णिम): बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन पूजन अभियान के अंतर्गत प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री ओंकारेश्वर पहुंचीं । नर्मदा नदी के पवित्र तट पर स्थित ओंकारेश्वर धाम में उन्होंने पूरे विधि- विधान से भगवान ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में अभिषेक भी किया और मां नर्मदा की परिक्रमा कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। कंगना रनौत मध्य प्रदेश सरकार की पीएम श्री हेली पर्यटन योजना के तहत हेलीकॉप्टर से इंदौर से सीधे ओंकारेश्वर पहुंचीं। हेलीकॉप्टर के ओंकारेश्वर हेलीपैड पर उतरते ही उन्हें देखने के लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं और प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सांसद होने के नाते उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक खूबसूरती से अवगत कराया। ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने के बाद कंगना रनौत ने भगवान ओंकार महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग में भी विधिवत पूजा की। मंदिर परिसर में उन्होंने रुद्राभिषेक एवं विशेष अभिषेक कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रशासन एवं पंडितों द्वारा उन्हें धार्मिक अनुष्ठानों की पूरी जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने मां नर्मदा की परिक्रमा की इच्छा जताई। इसके बाद हेलीकॉप्टर से उड़ान भरते समय उन्हें मां नर्मदा की परिक्रमा कराई गई। आसमान से नर्मदा घाटी और ओंकारेश्वर की प्राकृतिक छटा को देखकर कंगना रनौत ने इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा करना उनके लिए एक आध्यात्मिक अनुभव रहा, जिसे वे जीवनभर याद रखेंगी।