दतिया में टीकाकरण से बिगड़ी चार बच्चों की तबियत, एक की मौत

0

दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया जिले के दुरसड़ा थाना क्षेत्र के ककरऊआ गांव में नियमित टीकाकरण के बाद एक बच्चे की मौत हो गई और तीन अन्य बीमार पड़ गए। यह घटना शुक्रवार शाम को हुई जब आशा कार्यकर्ता ने चार बच्चों को वैक्सीन लगाई थी। परिजनों का आरोप है कि बच्चों को घर बुलाकर तीन-तीन इंजेक्शन दिए गए थे, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, गांव में आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य अमले की मौजूदगी में टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा था। परिजनों का कहना है कि बच्चों को घर बुलाकर टीके लगाए गए और हर बच्चे को तीन- तीन इंजेक्शन दिए गए। टीकाकरण के कुछ देर बाद ही बच्चों में बेचैनी, कमजोरी और तबीयत बिगड़ने के लक्षण दिखने लगे। इसी बीच एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल दतिया में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।