भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मेट्रो सेवा शुरू होने का इंतजार अब खत्म होने वाला है। शनिवार 20 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भोपाल मेट्रो का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके बाद रविवार 21 दिसंबर से आम लोग मेट्रो में सफर कर सकेंगे। मेट्रो के संचालन का समय और किराया तय कर दिया गया है। खास बात यह है कि भोपाल मेट्रो में शुरुआती दिनों में किसी तरह की मुफ्त सैर की सुविधा नहीं दी जाएगी और यात्रियों को पहले दिन से टिकट लेकर ही यात्रा करनी होगी। पहले चरण में भोपाल मेट्रो सुभाष नगर से एम्स तक संचालित की जाएगी। मेट्रो सेवा सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेगी। हालांकि, यात्रियों की संख्या और जरूरत को देखते हुए आगे चलकर समय में बदलाव किया जा सकता है। शुरुआती दौर में मेट्रो तीन कोच के साथ चलेगी। फिलहाल दिल्ली मेट्रो की तरह महिलाओं के लिए अलग से कोई कोच निर्धारित नहीं किया गया है। भोपाल मेट्रो परियोजना का शुभारंभ शहर के लिए स्मार्ट, तेज और पर्यावरण अनुकूल यातायात की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। 30.8 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के शुरू होने से भोपाल के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को आपस में जोड़ते हुए ट्रैफिक दबाव कम होगा और नागरिकों की यात्रा अधिक सुगम बनेगी। भोपाल मेट्रो परियोजना में दो प्रमुख कॉरिडोर शामिल हैं।
किराया और टाइम टेबल तय:
भोपाल मेट्रो की ट्रेनें सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेंगी। प्रतिदिन कुल 17 ट्रिप संचालित की जाएंगी, जिनमें एम्स से सुभाष नगर तक 9 और सुभाष नगर से एम्स तक 8 ट्रिप शामिल हैं। एम्स स्टेशन से पहली ट्रेन सुबह 9 बजे और अंतिम ट्रेन शाम 7 बजे रवाना होगी, जबकि सुभाष नगर से पहली ट्रेन सुबह 9:40 बजे और आखिरी ट्रेन शाम 6:25 बजे चलेगी। किराया संरचना को यात्रियों के लिए किफायती रखा गया है। यात्रा किए गए स्टेशनों की संख्या के आधार पर किराया तय किया गया है। 1 से 2 स्टेशनों तक यात्रा पर 20 रुपये, 3 से 5 स्टेशनों तक 30 रुपये और 6 से 8 स्टेशनों तक 40 रुपये किराया देना होगा।




