भोपाल: मध्यप्रदेश में पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार, 4 दिसंबर को सुबह 9 बजे बड़े तालाब स्थित बोट क्लब से 20 नई शिकारा नावों की सेवा का शुभारंभ करेंगे। कश्मीर की डल झील जैसी सौंदर्यपूर्ण अनुभूति देने वाली ये शिकारा सेवाएं राजधानी भोपाल को वाटर टूरिज्म का नया केंद्र बनाने जा रही हैं। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि प्रदेश के कई विधायकों की उपस्थिति इसे विशेष बनाएगी। प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। इसी कड़ी में बड़े तालाब में शुरू की जा रही शिकारा सेवा न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ाएगी, बल्कि पर्यटकों को शांत जल और प्रकृति के बीच कश्मीर जैसा अनूठा अनुभव भी देगी।




