बीजापुर (मध्य स्वर्णिम): छत्तीसगढ़ के बीजापुर-दंतेवाड़ा अंतर जिला सीमा क्षेत्र के पश्चिम बस्तर डिवीजन इलाके में 12 नक्सली ढेर हो गए। इस दौरान तीन जवान बलिदान हो गए तथा घायल दो जवान खतरे से बाहर हैं। मुठभेड़ स्थल से अब तक 12 नक्सली कैडरों के शव बरामद किए गए हैं। शव के साथ मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं। फिलहाल, मृतकों की पहचान की जा रही है। बस्तर आईजी सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि बुधवार सुबह 9 बजे डीआरजी दंतेवाड़ा- बीजापुर, एसटीएफ एवं सीआरपीएफ कोबरा की संयुक्त टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना हुई थी। अभियान के दौरान नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आक्रामक कार्रवाई करते हुए 12 नक्सली कैडरों को ढेर कर दिया। इस मुठभेड़ में डीआरजी बीजापुर के तीन जवान प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी एवं आरक्षक दुकारू गोंडे एवं रमेश सोड़ी बलीदान हो गए। वहीं, दो जवान सोमदेव यादव और एक अन्य घायल हो गए। फिलहाल, दोनों घायल जवान खतरे से बाहर हैं।




