पेशाब करने से रोका, मंत्री के समधी ने मारी गोली

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के समधी ने सत्ता की धौंस में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंत्री के समधी सहित 3 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। मामला भिंड जिले के गोहद का है रोड किनारे मामूली कहासुनी पर कार सवारों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के विरोध में परिजन ने पोस्टमार्टम के बाद रोड पर शव रखकर चक्काजाम किया जिसके बाद पुलिस ने कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला के समधी जेपी कांकर, सुनील कांकर और दीपू बौहरे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। मृतक के परिजन ने आरोप लगाया कि आरोपियों को दूसरे मामले में पुलिस ने बंद कर दिया है और उन्हें हत्या के प्रकरण में बचाने का प्रयास किया जा रहा है। पेशाब करने से रोका तो मारी गोली: 24 साल के गौरव गुर्जर की चचेरी बहन वर्षा गुर्जर की रविवार को शादी थी। रात में बारात आने से पहले घर के बाहर रोड किनारे भात का कार्यक्रम चल रहा था। ग्वालियर से भिण्ड जा रहे तीनों आरोपियों ने दिलीप सिंह का पुरा में कार रोक दी। जेपी कांकर पेशाब करने के लिए उतरा तभी गौरव गुर्जर ने उसे टोकते हुए कहा कि यहां कार्यक्रम चल रहा है, दिखाई नहीं दे रहा क्या। इस पर जेपी कांकर ने कहा कि जानता नहीं मैं मंत्री का समधी हूं। इस पर दोनों में कहासुनी हुई तो आरोपी कार बैक कर जाने लगे। गौरव आरोपियों से बहस करते हुए घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर आ गया तभी आरोपियों ने बंदूक से उसके पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही गौरव जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी भाग गए।