डॉ. मोहन सरकार के दो साल: मंत्रालयों के कामकाज की हाई-लेवल समीक्षा, मंत्रियों को देना होगा रिपोर्ट कार्ड

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर अब मंत्रालयों के कामकाज की उच्च स्तरीय समीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में सरकार ने विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। समीक्षा बैठकों में मुख्यमंत्री के साथ ही संबंधित विभाग के मंत्री, मुख्य सचिव और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, जहां दो साल के संपूर्ण कार्यकाल का मूल्यांकन किया जाएगा। समीक्षा बैठकों में प्रत्येक मंत्री को अपने विभाग के दो साल के कार्यों का लेखा-जोखा देना होगा। वे अपनी प्रमुख उपलब्धियों, लागू की गई योजनाओं, लाभान्वित लोगों की संख्या और महत्वपूर्ण कार्यों का विवरण प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही विभागों की खामियां, लंबित समस्याएं और चुनौतियां भी स्पष्ट रूप से बताई जाएंगी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने निर्देश दिया है कि समस्याओं के निराकरण के लिए व्यावहारिक और समयबद्ध उपाय भी प्रस्तुत किए जाएं। बैठकों का एक प्रमुख फोकस आगामी तीन वर्षों के लिए विभागीय लक्ष्य निर्धारण रहेगा। मंत्रियों से पूछा जाएगा कि वे अपने विभाग में लक्ष्य कैसे प्राप्त करेंगे और इसके लिए उनकी ठोस कार्ययोजना क्या होगी। इस कार्ययोजना को जमीन पर उतारने की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।