रायसेन में हादसा: पिपरिया रोड पर बना नयागांव पुल गिरा, एक की मौत, 9 घायल

0

रायसेन (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। बरेली-पिपरिया रोड पर बना नयागांव पुल अचानक से भरभरा कर गिर गया। हादसे में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है। वहीं पुल के काम की जिम्मेदारी जिस प्रबंधक की थी उसे निलंबित कर दिया गया है। वहीं नौ घायलों का इलाज अभी चल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त दो मोटरसाइकिल सवार पुल से गुजर रहे थे। पुल के साथ वे भी नीचे आ गिरे। इनमें से एक सिहोर जिले के रहने वाले पूर्व सीआरपीएफ जवान देवेंद्र धाकड़ थे जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई है। इनको इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया था। वहीं दूसरे घायल व्यक्ति बरेली के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार पुल के नीचे काम चल रहा था। पुल को नीचा गिरते देख काम कर रहे मजदूर वहां से भागे और अपनी जान बचाई। कुछ मजदूर घायल भी हो गए हैं। ये पुल करीब 35 साल पुराना बताया जा रहा है।