नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): नई दिल्ली के विकासपुरी स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल के छात्रों दर्श तिवारी और सक्षम वाधवा को पर्यावरण संस्कृति संरक्षण एवं मानव कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने जीवनरक्षक अग्निनिरोधक रोबोट के उत्कृष्ट प्रदर्शन बाबत सम्मानित किया ! सहयोगी शिक्षिका सोनिका बजाज ने बताया कि दर्श तिवारी और सक्षम वाधवा ने सामाजिक जिम्मेदारी और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक अर्ध- स्वचालित अग्निनिरोधक रोबोट ऑटोमेटेड फायर डिफेंडर तैयार किया है। इस परियोजना की प्रेरणा उन्हें उस दिल दहला देने वाली घटना से मिली, जब विवेक विहार के एक नवजात अस्पताल में भीषण आग लगने से छह शिशुओं की दर्दनाक मृत्यु हो गई। तेज़ी से फैलती आग और समय पर मदद न मिल पाने ने दोनों छात्रों को गहराई से प्रभावित किया। इस घटना के बाद दर्श और सक्षम ने ऐसा रोबोट बनाने का निश्चय किया जो उन खतरनाक स्थानों पर भी पहुँच सके, जहाँ मानव फायरफाइटर जाना मुश्किल होता है। यह रोबोट फ्लेम सेंसर, अल्ट्रासोनिक नेविगेशन, वॉटर स्प्रे मॉड्यूल, कैमरा और लाइव कम्युनिकेशन सिस्टम से सुसज्जित है। यह आग का पता लगाकर सुरक्षित तरीके से उसकी ओर बढ़ता है, रास्ते में आने वाली बाधाओं से बचता है और पानी का छिड़काव कर आग को नियंत्रित करता है।




