भोपाल/रायसेन: गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी सलमान को देर रात पुलिस ने भोपाल के गांधी नगर से गिरफ्तार किया। रायसेन पुलिस आरोपी को लेकर घटना स्थल गौहरगंज जा रही थी, तभी भोजपुर के कीरत नगर गांव के जंगल के पास पुलिस का वाहन पंचर हो गया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे वाहन में जैसे ही आरोपी सलमान को बैठाने का प्रयास किया, उसने एएसआई श्यामराज सिंह की सर्विस रिवाल्वर छीनकर फायर करने का प्रयास करने के साथ भागने लगा। पुलिस टीम ने उसके पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को भोपाल के जेपी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमीदिया में भोपाल और रायसेन दोनों जिलों की पुलिस टीमें उसकी सुरक्षा में तैनात हैं। घटना की जानकारी देते हुए आईजी मिथलेश कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी ने रायसेन जिले में 21 नवंबर की शाम लालीपॉप का लालच देकर मासूम से दरिंदगी की और मरने के लिए छोड़कर फरार हो गया। पुलिस छह दिन से आरोपी की तलाश में थी। पुलिस की 20 टीमें लगातार तलाश में जुटी रहीं। गुरुवार की मध्यरात्रि में आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया गया। वहां से लाते समय भोजपुर सड़क पर गाड़ी पंक्चर हो गई। दूसरी गाड़ी में आरोपी को शिफ्ट करने दौरान आरोपी सलमान ने भोजपुर रोड पर भागने की कोशिश की। एसआई की रिवाल्वर छीनकर आरोपी ने पुलिस पर दो फायर किए जवाब में पुलिस टीम ने भी तीन फायर किए।
स्थायी वारंटी था सलमान:
‘शॉर्ट एनकाउंटर’ में घायल हुआ आरोपी सलमान न केवल जघन्य अपराधी है, बल्कि वह सीहोर जिले के शाहगंज थाने का भी स्थायी वारंटी है। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि जघन्य वारदात को अंजाम देने वाला यह हैवान रायसेन जिले में किराए के मकान में छिपकर रह रहा था, जबकि मूल रूप से सीहोर जिले के श्यामपुर का निवासी है। वर्षों से पुलिस की पकड़ से बचता यह अपराधी कई मामलों में वांछित रहा और बार-बार लोकेशन बदलता रहा, जिससे पकड़ में नहीं आ सका।




