ग्वालियर (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश में ग्वालियर जिले के भितरवार थाना क्षेत्र के बीजकपुर गांव में आदिवासियों पर दबंगों का कहर देखने को मिला है। दबंगों से परेशान दर्जनों आदिवासियों ने बुधवार के दिन ग्वालियर एसएसपी कार्यालय में पहुंचकर शिकायत का आवेदन दिया है। आदिवासी परिवारों का आरोप है कि जमीन से हटाने के लिए गांव के कुछ लोगों ने झोपड़ी जलाने और जान से मारने की धमकी दी है। एसएसपी कार्यालय में आवेदन देते हुए पीड़ितों ने बताया कि वे लंबे समय से सरकारी जमीन पर झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे। हालांकि इसी जमीन पर स्थानीय दबंगों की भी नजर थी।
दबंगों ने झोपडिय़ों पर लगाई आग:
ग्रामीणों का कहना है कि अचानक हुई इस घटना में कई आदिवासी परिवारों का सामान जलकर खाक हो गया, जिससे वे बेघर हो गए हैं। पीडि़त आदिवासियों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने भितरवार थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया।
पुलिस ने दबंगों पर नहीं की कार्रवाई:
आरोप है कि थाने में उनकी शिकायत तो दर्ज की गई। हालांकि दबंगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की इस लापरवाही से आक्रोशित आदिवासी समुदाय सामूहिक रूप से ग्वालियर एसएसपी कार्यालय पहुंचा। उन्होंने निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।




