नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को वर्ष 2024-25 के बागवानी फसलों के क्षेत्रफल एवं उत्पादन के तृतीय अग्रिम अनुमान जारी किया। अनुमान के मुकाबिक बागवानी फसल क्षेत्रफल में 4 लाख हेक्टेयर की वृद्धि अनुमानित है, जो गत वर्ष के 290.86 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 294.88 लाख हेक्टेयर है। उत्पादन में 143.11 लाख टन की वृद्धि अनुमानित है, जो 3547.44 लाख टन से बढ़कर 3690.55 लाख टन अनुमानित है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि ये वृद्धि किसानों की कड़ी मेहनत, कृषि वैज्ञानिकों के प्रयास, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार द्वारा बनाई गई लाभकारी योजनाओं तथा किसान हितैषी नीतियों का सपरिणाम है, जिसमें बेहतर बीज, आधुनिक तकनीकों का उपयोग और बाजार तक आसान पहुंच भी शामिल है।
फल व सब्जियों के उत्पादन में खास प्रगति देखी गई:
उन्होंने बताया कि फल व सब्जियों के उत्पादन में खास प्रगति देखी गई है। फल उत्पादन में लगभग 5.12 प्रतिशत (57.82 लाख टन) की वृद्धि होकर 1187.60 लाख टन पहुंचने की उम्मीद है, इसमें केला, आम, तरबूज, कटहल, मंदारिन, पपीता, अमरूद अहम योगदान देते हैं। सब्जियों का उत्पादन 4.09 प्रतिशत (84.76 लाख टन) बढ़कर 2156.84 लाख टन होने का अनुमान है, विशेषकर प्याज उत्पादन गत वर्ष के 242.67 लाख टन से बढ़कर 307.89 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान है, यानी 26.88 प्रतिशत की वृद्धि। आलू उत्पादन में 1.85 प्रतिशत की बढ़ोतरी होकर 581.08 लाख टन उत्पादन की उम्मीद है। वर्ष 2024-25 के बागवानी फसलों के क्षेत्रफल व उत्पादन के तृतीय अग्रिम अनुमान के अनुसार, सुगंधित और औषधीय पौधों का उत्पादन बढ़कर 7.81 लाख टन होने का अनुमान है। जो पिछले वर्ष 7.26 लाख टन था, वहीं मसाला उत्पादन लगभग 125.03 लाख टन अनुमानित है, जिसमें लहसुन, अदरक, हल्दी के उत्पादन में वृद्धि हुई है।




