धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन

0

मुंबई (मध्य स्वर्णिम): दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक 89 साल के धर्मेंद्र ने सोमवार दोपहर करीब 1 बजे अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले श्मशान भूमि में हो रहा है, जिसमें सलमान खान, संजय दत्त, आमिर खान और अमिताभ बच्चन-अभिषेक बच्चन शामिल हुए। 11 नवंबर को भी निधन की खबर आई थी, जिसे परिवार ने खारिज किया था। 11 नवंबर की सुबह धर्मेंद्र के निधन की खबर मीडिया में आने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर दुख जताया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी पोस्ट हटा ली थी। हेमा मालिनी ने भी निधन की खबरें सामने आने के बाद नाराजगी जताते हुए लिखा था कि जो हो रहा है, वह माफ करने लायक नहीं है। जिम्मेदार चैनल किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं जो इलाज का जवाब दे रहा है और ठीक हो रहा है? यह बेहद असम्मानजनक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है। 12 नवंबर को धर्मेंद्र को ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल से डिस्चार्ज करवाया गया था। 13 नवंबर को घर से निकलते हुए सनी देओल ने मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। सनी ने हाथ जोड़कर फोटोग्राफर्स और पैपराजी से कहा कि आपके घर में भी मां-बाप हैं, बच्चे हैं, आपको शर्म नहीं आती। इस दौरान सनी देओल ने कुछ अपशब्द भी कहे। करण जौहर ने धर्मेंद्र के निधन की पुष्टि करते हुए अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि यह एक युग का अंत है। एक विशाल मेगास्टार, मुख्यधारा के सिनेमा में एक सच्चे हीरो की पहचान, अविश्वसनीय रूप से हैंडसम और रहस्यमयी स्क्रीन प्रेजेंस वाले। उन्होंने भारतीय सिनेमा के इतिहास में अमिट योगदान दिया। उनका आशीर्वाद और अद्भुत स्नेह हमेशा याद रहेंगे। धर्मेंद्र कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 नवंबर को उन्हें सांस लेने में दिक्कत आई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया। इस दौरान उन्हें वेंटिलेटर में रखा गया। मीडिया में उनके निधन की खबर आई थी, जिसे परिवार ने नकार दिया। 12 नवंबर को धर्मेंद्र को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया और डॉक्टरों ने घर पर ही उनके आगे के इलाज की बात कही। यूनियन होम मिनिस्टर अमित शाह ने श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनके बहतरीन अभिनय से छुआ गया हर देशवासी का दिल भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। धर्मेंद्र ने अपनी कला के माध्यम से हर आयु वर्ग के दर्शकों का दिल जीता। राहुल गांधी ने कहा कि महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी श्रद्धांजलि उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ है। भारत के राष्ट्रपति ने वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी के निधन को भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति बताया और उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 बजकर 50 मिनट पर धर्मेंद्र को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र का निधन भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत है। वह एक प्रतिष्ठित फिल्मी हस्ती और अद्भुत अभिनेता थे, जिन्होंने अपने हर किरदार में आकर्षण और गहराई भरी। उनकी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी वे उतने ही प्रशंसित थे। इस दुखद घड़ी में प्रधानमंत्री की संवेदनाएँ उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। …शांति।