भोपाल: भोपाल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 26 से 30 नवंबर 2025 तक दो बड़े राष्ट्रीय रोइंग इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं। अपर लेक पर होने वाले इन आयोजनों में 8वीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स चैंपियनशिप और 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप शामिल हैं। प्रतियोगिताएँ रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से होंगी, जिनमें देशभर के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस वर्ष चैंपियनशिप में 23 राज्यों से 500 युवा रोअर्स भाग लेंगे। प्रतियोगिता में जूनियर एवं इंटर-स्टेट दोनों श्रेणियों में अत्याधुनिक रोइंग बोट्स के माध्यम से प्रतिभागी अपनी शारीरिक क्षमता, गति, कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे। ऊपरी झील के प्राकृतिक एवं अनुकूल जल क्षेत्र में प्रतियोगिता का आयोजन रोइंग खेल को नई ऊँचाई प्रदान करेगा। अपर लेक पूर्व में भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय वाटर स्पोर्ट्स इवेंट्स की सफल मेजबानी कर चुका है। इसी वजह से इसे रोइंग खेल के लिए आदर्श स्थल माना जाता है। इस बार भी बोट हाउस, वार्मअप जोन, सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल टीम और तकनीकी सुविधाओं सहित सभी तैयारियाँ पूरी की जा रही हैं, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके। राज्य सरकार का प्रयास है कि इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को प्रेरित करने के साथ-साथ मध्यप्रदेश की खेल क्षमताओं और आयोजक कौशल का मजबूत संदेश देशभर में जाए। आयोजन से युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा और राज्य में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा इस अंतर्राज्यीय व राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप की मेजबानी राज्य में जल खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।




