सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले में मस्जिद निर्माण के लिए खुदाई चल रही थी। खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से भगवान राम की मूर्तियां निकली हैं। मूर्तियां मिलने की खबर पूरे गांव में फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग पहुंच गए। साथ ही मौके पर ही मूर्तियों की पूजा शुरु हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस- प्रशासन की टीम भी पहुंची है। दरअसल, यह घटना सागर जिले के बंडा तहसील के पापेड़ गांव की है। गांव में एक मस्जिद की चारदीवारी की खुदाई चल रही थी। खुदाई के दौरान ही भगवान राम की प्रतिमा मिली है। वहीं, प्रतिमा खंडित भी है। मूर्ति मिलने की खबर के बाद हिंदू संगठन के लोग वहां पहुंच गए और मंदिर बनाने की मांग करने लगे। इसके बाद मुस्लिम पक्ष के लोग भी वहां पहुंचे, जिससे तनाव की स्थिति निर्मित होने लगी। वहीं, हिंदू संगठनों की मांग है कि इस जगह पर मंदिर बनाया जाए। उनका कहना है कि पहले यहां एक मंदिर था, जिसे तोड़कर मस्जिद बनाई गई थी। इस मांग को लेकर दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।




