भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश देश के सबसे युवा राज्यों में से एक है। हमारा प्रदेश युवा शक्ति की नई ऊर्जा, नई उमंग से भरपूर है। यही राज्य की असली मैनपावर है, जिनके हाथों में विकसित भारत का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने वर्ष 2025 को निवेश, रोजगार और युवाओं के कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण वर्ष के रूप में मनाया। इस दौरान 11 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए। कर्मचारी चयन मण्डल एवं म.प्र. लोक सेवा आयोग के माध्यम से लगभग एक लाख पदों पर भर्ती तेजी से जारी है। सरकार का लक्ष्य इसे 2.5 लाख भर्तियों तक पहुंचाने का है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को रवीन्द्र भवन में आयोजित 29वें राज्य स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर दो दिवसीय युवा उत्सव का शुभारंभ किया। प्रदेश के सभी संभागों के युवाओं द्वारा तैयार प्रादर्शों (माडल्स) के विज्ञान मेला प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। युवा उत्सव का समापन आज होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नृत्याचार्य पद्मश्री रामलाल बरेठ को 51 हजार रुपए, शूटिंग प्लेयर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को 2 लाख रुपए एवं एथलीट सुश्री रंजना यादव को एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि के चेक एवं सम्मान-पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां तुझे प्रणाम योजना के तहत 144 युवतियों को भारत की पश्चिमी अंतर्राष्ट्रीय सीमा भ्रमण के लिए जा रहीं 3 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए हमारी युवा शक्ति नए-नए कीर्तिमान गढ़ रही है। मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों के खिलाड़ियों ने ओलिंपिक से लेकर अनेकों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आईसीसी महिला क्रिकेट विश्वकप जीतकर भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक जीत में प्रदेश की बेटी सुश्री क्रांति गौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग तेज गति से आगे बढ़ रहा है और एथलेटिक्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हमारे युवा खिलाड़ी सफलता के झंडे गाढ़ रहे हैं।
राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का शुभारंभ:
आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में 18 नवम्बर मंगलवार को प्रात: 9345 पर 52वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। प्रदर्शनी का आयोजन राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, श्यामला हिल्स, भोपाल में किया जा रहा है। प्रदर्शनी के आयोजन में स्कूल शिक्षा विभाग सहभागिता कर रहा है। प्रदर्शनी में 31 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के लगभग 900 विद्यार्थी एवं शिक्षक विज्ञान पर केन्द्रित प्रोजेक्ट एवं मॉडल प्रदर्शित करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी में विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना और वैज्ञानिक विचार विकसित करना है। इस कार्यक्रम में देश के समस्त प्रदेश एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के स्कूली विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से विभिन्न वैज्ञानिक संस्थाओं जैसे आंचलिक विज्ञान केन्द्र, आईसर, मैनिट, आईसेक्ट एवं ग्लोबल स्किल पार्क के वैज्ञानिक सहभागी विद्यार्थियों के साथ वैज्ञानिक वार्ता में विशेष व्याख्यान देंगे। इसके बाद 30 मिनट विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तरी भी होगी।




