उमरिया में ठंड के कारण 8वीं तक के स्कूलों का समय बदला

0

उमरिया: उमरिया जिले में पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ती ठंड अब बच्चों के स्वास्थ्य पर असर डालने लगी है। सुबह के समय शीत लहर की तीव्रता बढ़ने और तापमान में अचानक आई गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल समय में बदलाव का निर्णय लिया है। प्रशासन का कहना है कि प्रातःकाल अत्यधिक सर्दी के कारण छोटे बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ रही थी, इसलिए समय परिवर्तन जरूरी हो गया था। जारी आदेश के अनुसार अब जिले में प्रातः पाली में संचालित सभी शासकीय और अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए विद्यालय समय सुबह 9 बजे से किया गया है। यह नया समय 17 नवंबर 2025 से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह बदलाव केवल विद्यार्थियों पर लागू होगा, जबकि शिक्षक पहले की तरह निर्धारित समय पर ही विद्यालय पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।