कूटनीति-अर्थव्यवस्था-तकनीक पर भी निर्भर करती है राष्ट्र की सुरक्षा: सीडीएस चौहान

0

नई दिल्ली: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने शनिवार को कहा कि सैन्य भौगोलिक स्थिति (मिलिट्री जियोग्राफी) बहुत अहम है। जब भी आप किसी चीज का मूल्यांकन कर रहे हैं, तो सबसे पहले आप इलाके का विश्लेषण करते हैं। फिर आप सामने की ताकत को समझते हैं, उसके बाद समय और स्थान को देखते हैं। भू-राजनीतिक स्तर पर किसी देश का स्थान ही उसकी अहमियत तय करता है। सभी (सैन्य) अभियान ऐसे माहौल में होते हैं, जिसमें भौतिक भूगोल और मानव भूगोल शामिल होते हैं। मानव भूगोल युद्ध को समझना, खासकर विद्रोह के खिलाफ कार्रवाई और जवाबी ऑपरेशनों में, महत्वपूर्ण है। यह इसलिए जरूरी है ताकि आप समझ सकें कि आप कहां अभियान कर रहे हैं। राजधानी दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनरल चौहान ने आगे कहा, यह मेरे सैन्य दृष्टिकोण और विचार हैं और मेरा मकसद भारतीय सेना के मध्य और जूनियर स्तर के नेतृत्व के साथ संबंध स्थापित करना और उनसे जुड़ना है। यह इसलिए अहम है क्योंकि हम जो सुधार करने का प्रयास कर रहे हैं, उसका दायरा और प्रकृति बहुत बड़ा है, इसलिए हम सभी की एक राय होनी चाहिए।