भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सिवनी से राज्यभर की महिलाओं के खातों में 1500 रुपये की बढ़ी हुई किस्त ट्रांसफर की। अब तक हितग्राहियों को 1250 रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे, हाल ही में कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसमें 250 रुपये की वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री ने एक क्लिक में 1 करोड़ 26 लाख 36 हजार महिलाओं के खातों में कुल 1587 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नारी हर रूप में समर्पण का प्रतीक है। इनके कल्याण के लिए हमने जो भी कहा वह करके दिखाया है। बहनों के कल्याण के संकल्प की दिशा में हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। भाईदूज पर लाड़ली बहना योजना की राशि 1250 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए करने का वादा किया था। आज उसे निभाने का सौभाग्य अवसर आ चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की कुल 30 किश्तों में से 23 किश्तें बहनों को भेजने का शुभ अवसर आया। उन्होंने कहा कि इस योजना ने बहनों का जीवन ही नहीं, मध्यप्रदेश के भविष्य की दिशा भी बदल दी है। लाड़ली बहना योजना अब मदद की नहीं, मौका देने की योजना बन गई है। सहयोग के भाव से शुरू हुई यह योजना अब सफलता के सूत्र में बदल गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि हमारी बहनों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है। यह हर बहन के सम्मान और सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण की दिशा में हमारे संकल्प की पूर्ति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हमारी हर लाड़ली बहन अपने जीवन में आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी और सशक्त बने। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को सिवनी जिले में लाड़ली बहनों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख 36 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से 1857 करोड़ रुपए राशि अंतरित की। इसमें सिवनी जिले की 2 लाख 68 हजार से अधिक बहनें शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट से सिवनी जिले में कुल 560 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत वाले 114 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इसमें सिवनी जिले में एक विधि महाविद्यालय और 4 सांदीपनि विद्यालयों सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगातें शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व में स्थापित 17 फीट ऊंची, 40 फीट और 8 फीट चौड़ी दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रैप से बनी बाघ की कलाकृति का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर युवाओं के लिए घंसौर में स्टेडियम बनाने, बालाघाट जिले के लामटा से सिवनी जिले के पांडिया छपारा के बीच नदी पर एक बड़े पुल का निर्माण और अतरी से पांडरवानी बीटी रोड, बरघाट नगर से ग्राम मकरघट्टा तक पक्की सड़क बनाने और अन्य छोटी सड़कों के निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित बहनों और हितग्राही परिवारों से भी आत्मीय संवाद किया और उनसे शासन की योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि हमने जिले के किसानों को धान का बोनस दिया। गेहूं भी हम खरीदेंगे और मक्के की फसल का भी पूरा दाम दिलाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों का आत्मविश्वास ही मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी पूँजी है।
जीजाजी पैसे तो नहीं ले लेते?
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं से हल्के-फुल्के अंदाज में संवाद किया। उन्होंने एक महिला के पति शिव चंद्रवंशी से मुस्कुराते हुए कहा- जीजाजी आ गए हैं, आप हमारी बहन को डराते तो नहीं? कहीं पैसे तो नहीं ले लेते उनसे? इस पर शिव चंद्रवंशी ने हंसते हुए जवाब दिया- नहीं, मैं एडवोकेट हूं, स्टेशनरी की दुकान भी चलाता हूं, पत्नी मेरी मदद करती हैं। मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं कि बहनों के पति यह पैसा दारू में उड़ाते हैं। इस पर वहां उपस्थित महिलाओं ने जोरदार इंकार किया। सीएम ने मुस्कुराते हुए कहा- देखा, हमारी बहनें कितनी समझदार हैं।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.




