वाराणसी: आस्था, संस्कृति और आध्यात्म का संगम बनी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देव दीपावली का दिव्य आयोजन हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट पर पहला दीपक जलाकर देव दीपावली का विधिवत शुभारंभ किया। जैसे ही मुख्यमंत्री योगी ने दीप प्रज्वलित किया, वैसे ही काशी के सभी 84 घाटों पर लाखों दीपकों की ज्योति से पूरा गंगा तट आलोकित हो उठा। गंगा तट का दृश्य अद्भुत और अलौकिक प्रतीत हो रहा था। मानो आकाश के तारे धरती पर उतर आए हों। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर गंगा पूजन किया और क्रूज पर सवार होकर घाटों का विहंगम दृश्य देखा। उन्होंने शिवाला घाट पर हुए लेज़र शो और ग्रीन आतिशबाजी का आनंद लिया। इस मौके पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, मंत्री रविन्द्र जायसवाल, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, मुख्य सचिव एस.पी. गोयल, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। देव दीपावली पर काशी में लगभग 25 लाख दीये जलाए गए।




