कार्यकारिणी घोषित होते ही इंदौर में उठा भूचाल

0

इंदौर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने अपनी नियुक्ति के लगभग 9 महीने बाद मंगलवार को नई नगर कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। इस 33 सदस्यीय टीम में 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 8 मंत्री शामिल हैं। हालांकि, सूची जारी होते ही पार्टी के भीतर भूचाल आ गया। कार्यकारिणी की घोषणा के तुरंत बाद, नाराज भाजपा कार्यकर्ता और खाती समाज के लोग भाजपा कार्यालय पहुंचे। ये पूर्व विधायक जीतू जिराती के समर्थक बताए जा रहे हैं। उन्होंने नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सुमित मिश्रा गुंडा है के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने मिश्रा के केबिन के बाहर लगी नेमप्लेट और गेट पर कालिख पोत दी। इतना ही नहीं, कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर में भी सुमित मिश्रा के चेहरे पर कालिख पोती गई और बाद में पोस्टर फाड़ दिया गया। इस हंगामे के बीच 28 से अधिक कार्यकर्ताओं ने अपने इस्तीफे की पेशकश कर दी।
घोषित हुई नगर कार्यकारिणी: भाजपा की इंदौर नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की घोषणा हो गई। इसमें 33 नेता अलग-अलग पदों पर काबिज हुए है। तीन महामंत्री और आठ उपाध्यक्ष भी बने हैं। इस बार कुछ नए चेहरों को महत्व देने की कोशिश की गई है। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने विधायकों की पसंद का भी पूरा ध्यान रखा और क्षेत्रीय समीकरणों के हिसाब से ही पद दिए हैं। स्वाति काशिद सहित पांच महिलाएं भी टीम भाजपा में शामिल हुई हैं। सुधीर कोल्हे, कैलाश पिपले और महेश कुकरेजा को महामंत्री बनाया गया है। कोषाध्यक्ष सचिन बंसल बने हैं। मीडिया विभाग की पुरानी टीम पर ही मिश्रा ने भरोसा किया है। मीडिया प्रभारी वरुण पाल बने हैं, जबकि नितिन शर्मा और रितेश शर्मा सह मीडिया प्रभारी बनाए गए हैं।