भोपाल: राजधानी के भोजपुरी समाज के लिए इस बार का छठ पर्व बेहद खास रहेगा। लिंक रोड नंबर 3 स्थित पांच नंबर छठ घाट पार्क में प्रदेश का पहला छठ मैया मंदिर बनकर तैयार हो गया है। सोमवार को मंदिर का लोकार्पण महापौर मालती राय, पूर्व मंत्री पीपी शर्मा, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, विधायक भगवानदास सबनानी और वार्ड 46 के पार्षद गुड्डू चौहान ने संयुक्त रूप से किया। यह वही घाट है, जहां वर्षों से श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य अर्पित करते आ रहे हैं। अब पहली बार यहां छठ मैया का स्थायी मंदिर बन जाने से यह स्थान भोपाल में भोजपुरी आस्था का नया केंद्र बन गया है। छठ मैया की प्रतिमा 6 फीट लंबी, 4 फीट चौड़ी और 5 फीट ऊंची है। इसे सूर्य देव के रथ पर आरूढ़ स्वरूप में गढ़ा गया है, जिसमें सात घोड़ों का आकर्षक रथ विशेष ध्यान खींचता है। प्रतिमा निर्माण में 10 से अधिक कलाकारों ने तीन महीने तक लगातार कार्य किया, जबकि संपूर्ण निर्माण में भोजपुरी समाज के सहयोग से लगभग साढ़े चार लाख रुपए का व्यय आया।




