बच्चों ने वन्यजीवों तथा प्रकृति से जुड़े मॉडल बनाकर पर्यटकों को किया जागरूक

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह के छठवें दिन सोमवार को सुबह 6 बजे से सभी के लिये पक्षी अवलोकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में इंटरनेशनल पब्लिक हाई स्कूल चूना भट्टी भोपाल के 121 पक्षी प्रेमियों ने भाग लिया। शिविर में पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों के दर्शन किये जिनमें मुख्य रूप से मैगपाई रॉबिन, इंडियन रॉबिन, ग्रेटर कूकल, ग्रे हेरॉन, कॉमन किंग फिशर, वाइट ब्रेस्टेड किंगफिशर आदि को देखकर प्रतिभागी उत्साहित हो उठे। पक्षी अवलोकन शिविर में शामिल बच्चों को वन्यप्राणियों के मॉडल दिखाये गये एवं उनके बारे में विषय विशेषज्ञों द्वारा जानकारी प्रदान की गई। संचालक वन विहार राष्ट्रीय उद्यान श्री विजय कुमार, स्त्रोत व्यक्ति के रूप में श्री ए.के. खरे, से.नि. उप वनसंरक्षक, डॉ. सुदेश वाघमारे, से.नि. उप वनसंरक्षक, डॉ. संगीता राजगीर एवं मो. खालिक तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक संचालक वन विहार डॉ. रूही हक ने किया। महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए सुबह 9 से 12 बजे तक रेस्क्यू एवं वन्यप्राणी संरक्षण तथा अनुश्रवण के उपयोग में लिये जाने वाले उपकरणों के संबंध में कार्यशाला हुई। इसमें 155 छात्र- छात्राओं ने भाग लिया। विषय विशेषज्ञ डॉ. अतुल गुप्ता, डॉ. हमजा नदीम, डॉ. सेमसन, संजय, डॉ. संगीता राजगीर, तिनसा प्रतिनिधि निशांत और शक्ति ने छात्र- छात्राओं को वन्यप्राणियों को कैसे रेस्क्यू किया जाता है, के बारे में वन विहार में उपलब्ध रेस्क्यू वाहन के माध्यम से बताया। अन्य प्रतियोगिता के रूप में विद्यालयीन विद्यार्थियों के लिये वाइल्ड लाइफ एवं नेचर एक्सपो कार्यक्रम सुबह 10 बजे से हुआ, जिसमें 7 ग्रुप में 16 छात्र-छात्राओं ने वन एवं वन्यजीवों तथा प्रकृति से संबंधित मॉडल बनाकर पर्यटकों को जानकारी प्रदान की। कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन के रूप में डॉ. सुहास कुमार, से.नि. प्रधान मुख्य वन संरक्षक, आलोक कुमार, से.नि. प्रधान मुख्य वन संरक्षक, एच. एस. मोहंता, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (भू-प्रबंध) उपस्थित रहे।