मध्यप्रदेश में अक्टूबर में भी होगी बारिश

0

भोपाल(मध्य स्वर्णिम): मध्यप्रदेश में मानसून की विदाई का समय आ चुका है, लेकिन मौसम ने जाते- जाते भी राहत दी है। प्रदेश में बारिश का सिलसिला अब भी बना हुआ है। मंगलवार को भोपाल समेत 10 जिलों में बारिश हुई और अगले 4 दिन तक मौसम ऐसे ही बने रहने का अनुमान है। दशहरे के दिन भी बारिश हो सकती है। वहीं अब तक 12 जिलों से मानसून की विदाई हो चुकी है। 10 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश से मानसून लौट जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अक्टूबर में मौसम बदलाव की स्थिति बनी रहती है। आसमान साफ होने से दिन में तेज धूप और रात में ठंडक महसूस होती है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश के हालात बने हुए हैं। मंगलवार को ग्वालियर में तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर में बारिश के साथ ठंडक का अहसास शुरू हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अक्टूबर बदलाव का महीना होता है। दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड रहती है।