भोपाल (मध्य स्वर्णिम): राज्यस्तरीय संयुक्त पुलिस परामर्शदात्री समिति एवं पुलिस कल्याण समिति की वार्षिक बैठक पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना की अध्यक्षता में रविन्द्र भवन सभागर भोपाल में सम्पन्न हुई। इस बैठक में प्रदेशभर से आए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, समिति के सदस्य तथा विभिन्न इकाइयों एवं निकायों से जुड़े प्रतिनिधिगण सम्मिलित रहे। बैठक में पुलिस बल के कल्याण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, लंबित रिक्तियों की पूर्ति, कार्यक्षमता में वृद्धि तथा जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में डीजीपी मकवाना ने पुलिस कर्मचारियों के लिए किए जा रहे कल्याणकारी कार्यों और विशेष प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के मनोबल को सशक्त बनाने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नगद पुरस्कृत किया जा रहा है और प्रशंसा पत्र भी जारी किए जा रहे हैं। साथ ही जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। अनुकंपा नियुक्ति में तेजी लाई गई हैं। पुलिसकर्मियों के 6 बच्चों के PSC सिविल सेवा परीक्षा में चयनित होना प्रशंसनीय है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश दिए। डीजीपी कैलाश मकवाना ने कहा कि प्रदेश में 7,500 आरक्षकों की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।