सासाराम (मध्य स्वर्णिम): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी में 10 जिलों के चयनित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान शाह ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला और एनडीए को ही बिहार के विकास का विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि एनडीए जितना मजबूत होगा, बिहार उत्तना समृद्ध होगा। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव बिहार का विकास नहीं कर सकते। उनके शासनकाल में राज्य फिरौती और हत्या जैसी घटनाओं से जकड़ा रहा, जिससे समृद्धि की राह अवरुद्ध हुई। उन्होंने कहा कि अगर युवाओं को आगे बढऩा है और बिहार को विकास की राह पर ले जाना है, तो आने वाले चुनाव में एनडीए की सरकार को वोट देकर मजबूत बनाना होगा। इसी के साथ गृह मंत्री शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अन्य दलों में नेता चुनाव जीतते हैं, जबकि भाजपा में कार्यकर्ता ही चुनाव जिताते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस क्षेत्र की 80 प्रतिशत सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा को घुसपैठिये बचाओ यात्रा करार दिया।