भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश के हर क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। बदलते दौर में दुनिया के मंचों पर मोदी का सम्मान प्रत्येक देशवासी का सम्मान है। देश तीसरी सबसे सशक्त अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 75 वें जन्मदिवस पर बुधवार को जनजातीय अंचल धार में पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास कर मध्यप्रदेश वासियों को अनुपम सौगात दी है। इससे 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। लगभग 3 लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसी क्रम में आज कटनी के जनजातीय क्षेत्र को 233 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जीवन का एक- एक दिन देशवासियों की सेवा को समर्पित कर दिया है। उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आगामी 2 अक्टूबर तक देशभर में सेवा पखवाड़ा चल रहा है। प्रदेश की सभी माताएं- बहनें अपने लिए थोड़ा समय निकालें और स्वास्थ्य शिविरों में अपनी जांच कराएं। यहां महंगी से महंगी जांच, दवाएं और इलाज निशुल्क होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को कटनी के बड़वारा में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पिछले दिनों माइनिंग कॉन्क्लेव के माध्यम से कटनी जिले में 56 हजार करोड़ रुपए का निवेश आया है। यहां व्यापार-व्यवसाय की संभावनाएं बन रही है, जिससे गरीब, युवा और किसानों की जिंदगी बदलेगी। कटनी में कोयला, लाइमस्टोन और क्रिटिकल मिनरल्स का भंडार है। अब तो यहां सोना भी मिलने वाला है। कटनी कनकपुरी बनेगा। साथ ही प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना में हीरा तो पहले ही मिल रहा है।
कटनी में दो सांदीपनि विद्यालयों का हुआ लोकार्पण:
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कटनी में 2 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण कर विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों के भवन और सुविधाएं देखकर प्राइवेट स्कूल वाले भी दंग रह जाते हैं। देश के किसी राज्य में इतने अच्छे स्कूल नहीं बने जैसे सांदीपनि विद्यालय मध्यप्रदेश में बने हैं। पहले स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कल्पना करना भी मुश्किल था, अब बड़वारा में दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों की तरह स्कूल बनकर तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विद्यार्थी सांदीपनि आश्रम से शुरू हुई भगवान श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता का अनुसरण करें। मुख्यगमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्रीय मांग पर दतला एवं सागौना जलाशय नहर के मरम्मत एवं गहरीकरण, बेलकुंड नदी पर स्थित गर्रा घाट पुल की ऊँचाई बढ़ाने के साथ ही खरहटा महानदी के जल लिफ्ट इरीगेशन के कार्यों को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं में हितलाभ वितरित किये।