भोपाल (मध्य स्वर्णिम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 75वें जन्मदिन पर बुधवार को मध्यप्रदेश आ रहे हैं। यह अवसर खास इसलिए भी है क्योंकि मोदी दूसरी बार प्रदेश की धरती पर अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 17 सितंबर 2022 को अपने 72वें जन्मदिन पर कूनो नेशनल पार्क में चीतों को छोड़कर ‘प्रोजेक्ट चीता’ की शुरुआत की थी। इस बार प्रधानमंत्री धार जिले के ग्राम भैंसोला में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यहां वे प्रदेश को कई अहम सौगातें देंगे, जिनमें देश का पहला पीएम मित्रा पार्क, ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार एवं पोषण’ अभियान और ‘आदि सेवा पर्व’ प्रमुख हैं। इस दौरान प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को सुदृढ़ करने के अभियान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुभारंभ करेंगे। यह अभियान स्वास्थ्य जांच, एनीमिया रोकथाम, संतुलित आहार और मासिक धर्म स्वच्छता जैसे विषयों पर विशेष जोर तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से संचालित होगा। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों और संस्थानों के माध्यम से निवारक, संवर्धनात्मक और उपचारात्मक सेवाएं दी जाएंगी। इस अभियान में महिलाओं की व्यापक स्वास्थ्य रहेगा। उद्देश्य है कि महिलाएं और किशोरियां निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाकर परिवार और समाज की सशक्त नींव बन सकें। प्रधानमंत्री मोदी देश और प्रदेश के पहले पीएम मित्रा पार्क का शिलान्यास करेंगे। लगभग 2158 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह पार्क आधुनिकतम सुविधाओं से लैस होगा। यहां 20 MLD का कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, 10 MVA सौर ऊर्जा संयंत्र, आधुनिक सड़कें, पानी-बिजली की पुख्ता व्यवस्था और 81 प्लग-एंड-प्ले यूनिट्स विकसित की जा रही हैं। अब तक 23,146 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। इससे करीब 3 लाख रोजगार (1 लाख प्रत्यक्ष और 2 लाख अप्रत्यक्ष) सृजित होंगे।
‘आदि सेवा पर्व’- जनजातीय गौरव और सेवा का संगम:
प्रधानमंत्री मोदी आदि सेवा पर्व की शुरुआत करेंगे। यह अभियान जनजातीय गौरव और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक बनेगा। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन, स्वच्छता, जल-संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसी गतिविधियां होंगी। विशेष रूप से “ट्रायबल विलेज एक्शन प्लान और ट्रायबल विलेज विजन 2030” पर फोकस रहेगा। इससे जनजातीय क्षेत्रों के विकास का दीर्घकालिक रोडमैप तैयार होगा।