भोजपाल गरबा महोत्सव, भेल जम्बूरी मैदान पर 23 से 29 सितंबर तक

0

भोपाल: राजधानी के भेल जम्बूरी मैदान पर आयोजित होने वाले भोजपाल गरबा महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां आयोजित होने वाले भव्य गरबा महोत्सव में इस साल प्रतिभागियों की सेहत का खास ख्याल रखा जाएगा। आयोजन स्थल पर प्रवेश के लिए आधार कार्ड अनिवार्य होगा। गरबा करने वाले और यहां आने वाले हर व्यक्ति को चंदन का तिलक लगाकर और कलावा बांधकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया जाएगा।

सुरक्षा और पहचान के लिए आधार कार्ड जरूरी:
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि गरबा के दौरान आयोजन स्थल पर आने वाले लोगों की सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी को अपना आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। गरबा करने वाले सभी प्रतिभागियों को एक विशेष हेल्थ किट दी जाएगी। इस किट में पानी की बोतल, ग्लूकोज, ओआरएस घोल और प्राथमिक उपचार की छोटी-मोटी दवाइयां शामिल होंगी, ताकि गरबा के जोश में किसी की तबीयत न बिगड़े। भोजपाल गरबा महोत्सव में मुंबई के मशहूर कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे, जिससे गरबा का उत्साह चरम पर रहेगा। आयोजकों ने बताया कि लगातार कई घंटों तक गरबा करने से थकान और डिहाइड्रेशन का खतरा रहता है, जिसे देखते हुए यह पहल की गई है। महोत्सव स्थल पर मेडिकल टीम भी मौजूद रहेगी, जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेगी। इस नए पहल से गरबा प्रेमी निश्चिंत होकर अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे, क्योंकि इस बार मनोरंजन के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य की भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है। गरबा महोत्सव में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को अलग-अलग पुरस्कार दिया जाएगा।