भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा धार जिले में प्रथम पीएम मित्रा पार्क का शुभारंभ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत को वैश्विक पहचान दिलाने वाला ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने इसे प्रदेश के औद्योगिक भविष्य की आधारशिला और किसानों के लिए नई संभावनाओं का द्वार बताया। प्रधानमंत्री का यह विज़न किसानों को खेतों से सीधे वैश्विक बाजार तक पहुंचाने वाला है, जिसमें मध्यप्रदेश की कपास उत्पादक धरती सबसे मजबूत आधार बनी है। यह पार्क कपास उत्पादक किसानों के लिये समृद्धि के द्वार खोलेगा। मध्यप्रदेश लंबे समय से कपास उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता है। प्रदेश के लगभग 18 जिलों की धरती कपास की फसल से लहलहाती है। करीब 6 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हर साल लगभग 24 लाख टन कपास पैदा होता है। इतना ही नहीं, देश में जितना ऑर्गेनिक कॉटन पैदा होता है, उसका लगभग 40 प्रतिशत अकेले मध्यप्रदेश से आता है। यही वजह है कि वस्त्र उद्योग के लिए मध्यप्रदेश सबसे उपयुक्त गंतव्य साबित हुआ है और धार का पीएम मित्रा पार्क इसी प्राकृतिक सामर्थ्य का परिणाम है। करीब 2,158 एकड़ में विकसित हो रहा यह पार्क विश्व स्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां 20 MLD का कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, 10 MVA का सौर ऊर्जा संयंत्र, पानी और बिजली की पुख्ता आपूर्ति, आधुनिक सड़कें और 81 प्लग-एंड-प्ले यूनिट्स जैसी व्यवस्थाएँ विकसित की जा रही हैं। श्रमिकों और महिला कर्मचारियों के लिए आवास और सामाजिक सुविधाएं इसे केवल औद्योगिक क्षेत्र नहीं, बल्कि आदर्श औद्योगिक नगर का रूप देती हैं। निवेशकों का भरोसा भी इस परियोजना पर साफ दिखाई देता है। अब तक कुल 27 हजार 109 करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। यह निवेश उद्योगों की स्थापना के साथ स्थानीय लोगों के लिए नए रोजगार का मार्ग प्रशस्त करेगा।