दतिया (मध्य स्वर्णिम): विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सरगर्मी के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद सियासत गरमा गई है। वीडियो में एक युवक कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला के सामने कथित तौर पर जबरन वोट डलवाने की बात करता दिख रहा है। वायरल हो रहे 20 सेकंड के वीडियो में भाजपा का जनसंपर्क अभियान चल रहा है। इसी दौरान एक युवक मंत्री राकेश शुक्ला के पास पहुंचकर कहता सुनाई देता है कि लठ से वोट करवाएंगे, मारपीट करके और पकड़कर लोगों से वोट डलवाएंगे। वीडियो में मंत्री मुस्कुराकर युवक की पीठ थपथपाते और अरे वाह कहते भी नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आते ही कुछ ही घंटों में इसे हजारों बार शेयर किया जा चुका है। टिप्पणियों में लोग इसे दतिया उपचुनाव से जोड़कर देख रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह बयान लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सीधा हमला है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि डर और दहशत के बल पर वोट लेना गुंडागर्दी है। भाजपा कार्यकर्ता खुलेआम हिंसा की बात कर रहे हैं और मंत्री उसे प्रोत्साहित कर रहे हैं। चुनाव आयोग को तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस का आरोप है कि अगर वीडियो में कही गई बातें सच हैं तो यह चुनाव की निष्पक्षता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। पार्टी ने इस मामले में चुनाव आयोग को पत्र लिखकर जांच की मांग की है।




