इंदौर (मध्य स्वर्णिम): चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत के खिलाफ दाखिल मेघालय सरकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने सोनम के वकील को दो विकल्प दिया और पूछा कि क्या सोनम रघुवंशी सरेंडर करेगी या कोर्ट उनकी जमानत रद्द करने पर विस्तार से सुनवाई कर फैसला देगा। अब सुप्रीम कोर्ट इस मामले की अगली सुनवाई 23 जुलाई को करेगा। मेघालय सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि सोनम ने खुद सरेंडर किया। सोनम को खुद पता था कि किस गुनाह में उसकी तलाश है। उन्होंने कहा कि सोनम को गिरफ्तारी के आधार बताए गए। उसके भाई को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी दी गई। उसने खुद उन पेपर पर हस्ताक्षर किए जिनके मुताबिक उसे गिरफ्तारी के आधार बता दिए गए हैं और उसके घरवालों को गिरफ्तारी के बारे में बता दिया गया है। तुषार मेहता ने कहा कि गिरफ्तारी के दस्तावेज में हुई गलती केवल टाइपिंग की गलती थी। सोनम को पहले से पता था कि उस पर हत्या का आरोप है पुलिस उसे खोज रही है, इसलिए इस गलती से उसके मामले पर कोई खास असर नहीं पड़ता। वहीं, सोनम रघुवंशी के वकील ने कहा कि इस मामले को मीडिया हाइप दिया गया है।




