शिवपुरी (मध्य स्वर्णिम): ऐतिहासिक नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप चोरी होने के मामले में पुलिस ने अब आरोपी तक पहुंचने के लिए इनाम की घोषणा की है। शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी या उसके बारे में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।चोरी हुई तोप करीब 400 साल पुरानी बताई जा रही है और इसे ऐतिहासिक धरोहर माना जाता है। इस घटना ने न केवल पुलिस बल्कि पुरातत्व और इतिहास से जुड़े लोगों की भी चिंता बढ़ा दी है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि इतनी भारी और ऐतिहासिक तोप आखिर किले से कैसे चोरी हो गई और सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। पुलिस अब मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपी तक पहुंचने की कोशिश जारी है। शिवपुरी पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति के पास चोरी हुई तोप या आरोपी से जुड़ी कोई भी विश्वसनीय और पुख्ता जानकारी है, तो वह तत्काल शिवपुरी पुलिस या नरवर थाना से संपर्क कर सकता है।




