मुंबई (मध्य स्वर्णिम): महाराष्ट्र के पुणे और बीड से सामने आए नीट परीक्षा के ओएमआर शीट विवाद की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने कहा है कि जांच में एक मामले में पूरी ओएमआर शीट एआई की मदद से तैयार की गई मिली, जबकि दूसरे मामले में असली ओएमआर शीट से छेड़छाड़ की पुष्टि हुई है। एजेंसी ने साफ किया है कि परीक्षा प्रक्रिया को बदनाम करने के लिए फर्जी दस्तावेज या छेड़छाड़ की गई ओएमआर शीट पेश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्या है मामला ? यह विवाद तब सामने आया, जब पुणे और बीड के कुछ छात्रों ने नीट के परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। पुणे के एक छात्र ने दावा किया कि उसे दो अलग-अलग ओएमआर शीट मिलीं। छात्र के अनुसार, पहली ओएमआर शीट उसने 13 जुलाई की रात एनटीए की वेबसाइट से डाउनलोड की थी, जबकि दूसरी 15 जुलाई को ईमेल के जरिए भेजी गई। दोनों शीट पर उसका नाम एक ही था, लेकिन दोनों में दर्ज उत्तर अलग-अलग थे।




