दतिया: भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया उपचुनाव की बागडोर संभाल ली है। दतिया में एक रैली को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने सख्त तेवर दिखाए हैं। नरोत्तम मिश्रा ने साफ किया है मैं भूलने वाला और प्राणी नहीं हूं। मैं दोस्ती दुश्मनी दोनों याद रखता हूं। नरोत्तम मिश्रा के इस बयान के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। दतिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर पर निशाना साधा। नरोत्तम मिश्रा ने कहा ‘मैं एक मित्र से कहना चाहता हूं कि आपने लाठीचार्ज किया, जिसका हमारे पास वीडियो है। आपको चक्का जाम खुलवाना था तो खुलवाते, लेकिन आंसू गैस के गोले कार्यालय पर क्यों दागे गए? क्या कार्यालय की बिल्डिंग सड़क को रोक रही थी? एसपी साहब मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं, मैं याद रखता हूं। नरोत्तम मिश्रा ने एसपी और कलेक्टर को सख्त लहजे में कहा- ‘मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं। मैं प्रेम और क्रोध दोनों याद रखता हूं। यहां की आवाज आप तक पहुंचेगी इसीलिए कह रहा हूं कि किसी भी कीमत पर निर्दोष कार्यकर्ताओं पर केस लगाना और निर्दोष लोगों को पीटना बर्दाश्त नहीं होगा।
जातीय समीकरण साधेगी बीजेपी:
विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने जातीय समीकरणों के हिसाब से चुनावी रणनीति तैयार कर ली है। विधानसभा का 20 से 24 जुलाई तक चलने वाला मानसून सत्र समाप्त होते ही सरकार और संगठन पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में उतरेंगे। पार्टी अलग-अलग समाजों में प्रभाव रखने वाले मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को उसी वर्ग के मतदाताओं के बीच प्रचार की जिम्मेदारी सौंपेगी, ताकि अधिक से अधिक वोट अपने पक्ष में किए जा सकें।




