भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भोपाल स्थित आंचलिक विज्ञान केंद्र में अंतरिक्ष अन्वेषण दीर्घा का लोकार्पण किया । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष दीर्घा का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने अनेक प्रादर्श देखे और उनकी सराहना की । प्रदेश में अपने तरह की इस अनोखी अंतरिक्ष अन्वेषण दीर्घा के भोपाल जिला प्रशासन भी सहभागी है । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आंचलिक विज्ञान केन्द्र में केंद्रीय मंत्री शेखावत का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने अंतरिक्ष अन्वेषण दीर्घा के शुभारंभ के लिए भोपाल आकर हमारा उत्साहवर्धन किया है। उन्होंने दीर्घा का सूक्ष्मता से अवलोकन किया है। इस क्षेत्र में उनका मार्गदर्शन भी मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में मंत्रालय कार्य कर रहे हैं । भविष्य की दृष्टि से विज्ञान के हैं। क्षेत्र में भारत ने जिस तरह अपने कदम बढ़ाए हैं, स्पेस टेक्नोलॉजी से लेकर अन्य सभी क्षेत्रों में अद्भुत कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह भी महत्वपूर्ण है कि आंचलिक विज्ञान केन्द्र भोपाल में अंतरिक्ष अन्वेषण दीर्घा की स्थापना कम व्यय से हुई है और इसमें अधिकतम जानकारी देने की व्यवस्था की गई है। बच्चों की विज्ञान संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करने के लिए अलग-अलग प्रकार की कृतियां स्थापित की गई हैं, जो विश्व स्तरीय हैं। यह दीर्घा प्रदेश के गौरव और गरिमा को बढाने का कार्य करेगी। लोकार्पण अवसर पर भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, नगर निगम सभापति किशन सूर्यवंशी, मध्यप्रदेश आंचलिक विज्ञान केन्द्र के निदेशक साकेत सिंह कौरव और मध्यप्रदेश विज्ञान और प्रौद्योगिक परिषद के महानिदेशक अनिल कोठारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे | केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल है। पर्यटन से लेकर संस्कृति के संरक्षण में प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है।




