सागर (मध्य स्वर्णिम): जिले के मालथौन विकासखंड से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक शासकीय स्कूल में बच्चों को परोसे जाने वाले मध्याह्न भोज में भारी लापरवाही उजागर हुई है। स्कूल में वितरित की गई दाल में जिंदा इल्लियां (कीड़े) तैरती हुई मिलीं । दाल में कीड़े देखते ही स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि भोजन परोसते समय ही समय रहते इन इल्लियों पर नजर पड़ गई और बच्चों ने उसे नहीं खाया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यह पूरा मामला मालथौन के अंतर्गत आने वाली प्राथमिक शाला गीधा का है। केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना’ के तहत यहां बच्चों को पोषणयुक्त भोजन देने की जिम्मेदारी लक्ष्मी स्व-सहायता समूह को सौंपी गई है। शुक्रवार को जब समूह के सदस्यों ने बच्चों की थाली में दाल परोसी, तो उसमें इल्लियां रेंगती नजर आईं। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक आक्रोशित हो गए और उन्होंने स्कूल प्रबंधन से उक्त स्व-सहायता समूह के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।




