वाशिंगटन (मध्य स्वर्णिम): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिका आज रात ईरान पर एक और हमले की तैयारी कर रहा है। इससे कुछ घंटे पहले ही उन्होंने बयान दिया था कि युद्धविराम खत्म हो गया है । फिर से संघर्ष शुरू होने की संभावना के सवाल पर ट्रंप ने कहा, हमने कल रात उन पर बहुत जोरदार हमला किया था । हम शायद आज रात फिर से उन पर जोरदार हमला करेंगे। टंप ने यह बयान तुर्किये के अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान दिया । उन्होंने कहा कि ये हमले होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में जारी कार्रवाई का हिस्सा हैं । ईरान के बारे में ट्रंप ने कहा, वे बहुत गलत व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने जहाजों पर ड्रोन और एक मिसाइल से हमला किया है । इससे पहले, अमेरिका की सेना ने ईरान में 80 से अधिक ठिकानों पर किया था । अमेरिका ने ईरान में वायु रक्षा प्रणाली, तटीय रडार केंद्र, कमान और नियंत्रण केंद्रों को निशाना बनाया। इसके अलावा, इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉप्स (आईआरजीसी) से जुड़े करीब 60 जहाजों पर भी हमला किया गया । नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने आगे भी सैन्य कार्रवाई के संकेत दिए। ट्रंप ने कहा, मैं पहले ही एक छोटी-सी चेतावनी दे देता हूं। आज रात हम उन पर जोरदार हमला करने जा रहे हैं। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका लाइसेंस देगा, ताकि रूस का मुकाबला करने के लिए यूक्रेन के लिए विदेश में पैट्रियट वायु रक्षा प्रणाली का निर्माण किया जा सके ।




