दिल्ली से तय होंगे भाजपा कांग्रेस के उम्मीदवार, दतिया उपचुनाव: उम्मीदवार चयन और चुनावी रणनीति में जुटी पार्टियां

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा जहां प्रत्याशी के चयन और चुनावी रणनीति पर मंथन कर रही है, वहीं कांग्रेस ने संभावित उम्मीदवारों के तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने की तैयारी पूरी कर ली है। दोनों ही दलों में अंतिम फैसला दिल्ली से होने की संभावना है। दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है। 13 जुलाई नामांकन की अंतिम तिथि है, जबकि 3 अगस्त को मतगणना होगी। ऐसे में दोनों प्रमुख दल उम्मीदवार चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर दतिया में आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद भाजपा के क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश संगठन पहले चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देगा, जिसके बाद प्रत्याशी के नाम सहित पूरी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। अंतिम निर्णय भाजपा संसदीय नेतृत्व करेगा। माना जा रहा है कि 7 या 8 जुलाई तक पार्टी उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है।