प्रदेश में मानसून का जोर, 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, इंदौर-हरदा जमकर भीगे

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है । शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज से अति भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा असर बडवानी और खंडवा में रहने की आशंका है, जहां अगले 24 घंटे में करीब 8 इंच तक बारिश हो सकती है। लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार रतलाम, उज्जैन, झाबुआ, धार, आलीराजपुर, खरगोन, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं इंदौर, देवास, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर और पांढुर्णा सहित कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है।

इंदौर में लगातार बरस रहे बादल:
इंदौर में पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। बीते तीन दिनों में शहर में छह इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस मानसून सीजन में अब तक कुल 11 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। शुक्रवार शाम करीब दो घंटे की तेज बारिश में ढाई इंच पानी दर्ज किया गया। शनिवार सुबह भी रुक-रुककर बारिश जारी रही और मौसम विभाग ने शाम तक फिर भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय पूरे मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है जिसके चलते प्रदेशभर में जमकर पानी बरस रहा है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि इंदौर पर इस समय दोहरा मानसून सिस्टम मेहरबान है।