काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट पर कार्बाइन से चली गोली, तीन घायल

0

वाराणसी (मध्य स्वर्णिम): श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार पर शनिवार को उस वक्त अफरा- तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली सड़क पर जाकर लगी और उससे छिटकी गिट्टियों ने पास में मौजूद दो दुकानदारों और एक अन्य दुकानदारों और एक अन्य व्यक्ति को घायल कर दिया। इस घटना में तीन लोग जख्मी हुए हैं, जिन्हें तत्काल कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल ले जाया गया । राहत की बात यह है कि सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं और उन्हें हल्की चोटें आई हैं । जिस सिपाही की कार्बाइन से गोली चली, वह मंदिर की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात था। घटना के बाद, मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, घायल हुए लोगों की पहचान निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव के रूप में हुई है, जिनके हाथ और पैर में हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है । गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही मंदिर परिसर और आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई ।