बैतूल को नगर निगम बनाने की तैयारी

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश में अगले वर्ष प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव से पहले बैतूल को नगर निगम बनाने की कवायद तेज हो गई है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने नगर निगम के गठन से जुड़ी प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत बैतूल शहर से लगी 26 ग्राम पंचायतों को प्रस्तावित नगर निगम सीमा में शामिल करने की संभावना पर प्रशासनिक स्तर पर अध्ययन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन प्रस्तावित क्षेत्रों की जनसंख्या, राजस्व, कर्मचारियों और अन्य आवश्यक पहलुओं का आंकलन कर रहा है। कलेक्टर की रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार नगर निगम गठन को लेकर अंतिम निर्णय लेगी। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, इस विषय पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच प्रारंभिक स्तर पर चर्चा भी हो चुकी है। इसके बाद संबंधित ग्राम पंचायतों की सीमा, आबादी और अन्य मापदंडों की जांच का काम तेज कर दिया गया है। प्रस्तावित नगर निगम सीमा में कढ़ाई, दनोरा (भद्र), बड़ोरा, आरूल, बाजपुर, भैंसदेही, खेड़ली, मरामझिरी, टेमनी, जामठी, खेड़ला, डहरगांव, खेड़ी सांवलीगढ़, महदगांव, भडूस, कुम्हारटेक, भोगीतेड़ा, रोढ़ा, सूरगांव, भरकावाड़ी, खंडारा, मलकापुर, मिलानपुर, बयावाड़ी, ढोड़वाड़ा और खड़ला ग्राम पंचायतों को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। बैतूल को नगर निगम बनाने के लिए पिछले कुछ महिनों से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल लगातार कोशिशों में लगे हुए थे ।