भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे मध्य प्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम – 2025 के प्रावधानों के अनुरूप वरिष्ठता सूची तैयार कर जल्द विभाग को उपलब्ध कराएं। जानकारी के अनुसार विभागों से अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति एसटी) और अनारक्षित वर्ग के अधिकारियों- कर्मचारियों का पृथक विवरण भी मांगा गया है। यह पूरी कवायद भविष्य में पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने की स्थिति में आवश्यक प्रशासनिक तैयारी के तौर पर की जा रही है । बैठक में अधिकारियों को बताया गया कि पदोन्नति नियम – 2025 के अनुसार प्रत्येक वर्ष जनवरी और जुलाई में वरिष्ठता सूची का अद्यतन किया जाना अनिवार्य है । इसी प्रावधान के तहत विभागों को वरिष्ठता सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया गया है कि विभाग निर्धारित समय-सीमा तक अद्यतन सूची सामान्य प्रशासन विभाग को भेजेंगे। विभागों को वर्ष 2029 तक की संभावित वरिष्ठता स्थिति के आधार पर अधिकारियों का रिकॉर्ड तैयार करने के लिए कहा गया है। भविष्य में यदि पदोन्नति संबंधी आदेश जारी होते हैं, तो इसी अद्यतन डाटा का उपयोग किया जाएगा ।




