समुद्र से आसमान तक भारत सुरक्षित स्वदेशी ताकत पर जोर : पीएम मोदी

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में देश की रक्षा क्षमता, स्वदेशी तकनीक, योग, पर्यावरण संरक्षण, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज समुद्र से लेकर आसमान तक सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने हाल ही में सफलतापूर्वक परीक्षण की गई जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइलों का जिक्र करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत तैयार किए गए सी – 295 परिवहन विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि देश में वर्तमान समय में 40 से अधिक सी – 295 विमानों का निर्माण किया जा रहा है, जो रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने हाल ही में कोलकाता में आयोजित नौसेना कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय को भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया है । इन युद्धपोतों की डिजाइनिंग से लेकर निर्माण तक पूरा कार्य देश में ही किया गया है, जो स्वदेशी रक्षा उत्पादन की क्षमता को दर्शाता है ।

मन की बात में गूंजी ब्यावरा की पर्यावरण क्रांति:
प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में कहा कि उन्हें राजगढ़ जिले के ब्यावरा की कुछ बहनों के बारे में जानने का अवसर मिला, जिन्होंने अपने आसपास फैले प्लास्टिक कचरे को हटाने का संकल्प लिया। उन्होंने किसी और के साथ देने और किसी बदलाव का इंतजार नहीं किया, बल्कि स्वयं आगे बढ़कर पूरे शहर से प्लास्टिक कचरा और खाली बोतलों को एकत्र करना शुरू किया। देखते ही देखते यह पहल एक जन-आंदोलन बन गई। एकत्रित प्लास्टिक्स का पुनर्चक्रण (रि-सायकिल) कर उसका उपयोग शहर के सार्वजनिक स्थानों को और भी सुंदर बनाने में किया जा रहा है। बीते कुछ महीनों के दौरान यहां सैकड़ों किलो प्लास्टिक का पुनर्चक्रण कर उसका बेहतर उपयोग किया गया है।

मुख्यमंत्री ने ग्राम कुकरू में ग्रामीणों के साथ सुना मन की बात कार्यक्रम:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 135वें संस्करण का रविवार को रेडियो से प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल जिले के हिल स्टेशन ग्राम कुकरू में ग्रामीणों एवं जन प्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर जनजातीय मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही के विधायक महेन्द्र केशर सिंह चौहान, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन नागर एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित थे। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर के लिए रविवार को तब गौरव और सम्मान क्षण रहा, जब प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में ब्यावरा में चल रहे प्लास्टिक मुक्त अभियान का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ब्यावरा की बहनों एवं पर्यावरण प्रेमी संस्थाओं द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े इस अनुकरणीय प्रयास के लिए मुक्त कंठ से सभी की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने अभियान को जनभागीदारी से सामाजिक परिवर्तन और वेस्ट टू वेल्थ का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसे पूरे देश के लिए प्रेरणादायी बताया।